युवती सहित दो ग्रामीणों की मौत
बुढ़ाना। सड़क हादसों में युवती सहित दो ग्रामीणों की मौत हो गई। दो महिलाओं सहित चार ग्रामीण घायल हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बसी वैल्ली निवासी गुड्डन (22) पुत्री खुर्शीद अपनी माँ सन्नों व नानी गुलशन को लेकर स्कूटी द्वारा खतौली की ओर से अपने गांव आ रही थी। बुढ़ाना-खतौली रोड पर बाग के पास शनिवार को देर रात के समय वाहन की टक्कर से तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों को सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। गंभीर हालत में गुड्डन को मेरठ रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि मेरठ चिकित्सालय में उपचार के दौरान गुड्डन की मौत हो गई। दूसरी घटना में शनिवार को देर रात के समय ही हुसैनपुर कलां से बुढ़ाना आ रहा ई-रिक्शा चालक बेतरतीब दौड़ रही भैंसा बुग्गी से टकरा गया। इस घटना मे ई-रिक्शा सवार हुसैनपुर कलां निवासी सागर पुत्र राजू, ललित उर्फ बादशाह व अमरदीप पुत्र कल्लू घायल हो गए। सभी घायलों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। सीएचसी पर चिकित्सकों ने सागर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद सागर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की रिपोर्ट मृतक के चाचा समंद्र सेन ने दर्ज करवाई है।