रतनपुरी। नाली में कूड़ा इकट्ठा होने का विरोध करने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव डबल निवासी उमेश त्यागी पुत्र रविदत्त त्यागी ने तहरीर देकर बताया कि उसके गांव के ही मनीष त्यागी, धनेश त्यागी, नवीन और सोनू ने उनके घर के सामने की नाली में कूड़ा इकट्ठा कर दिया। ये लोग अक्सर करके अपने घरों के सामने से कूड़ा इकट्ठा करके इनके घर के सामने की नाली में डाल देते हैं। जिसके कारण नाली अवरुद्ध हो जाती है और पानी इधर-उधर बहने लगता है। इन लोगों ने अपने घर के सामने नाली का कूड़ा पीड़ित उमेश त्यागी के घर के सामने इकट्ठा कर दिया। जब उमेश ने इन लोगों का विरोध किया, तो ये झगड़े पर उतारू हो गए। आरोपी ने हाथों में लाठी-डंडे लेकर उमेश के परिवार पर हमला बोल दिया। जिसमें उमेश के अलावा उसके कई परिजन भी घायल हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लेकिन पुलिस के आने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित उमेश त्यागी की तहरीर पर चारों नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है।