नाली की सफाई को लेकर दो पक्ष भिड़े, हंगामा
मीरापुर। थाना क्षेत्र के गांव संभलहेड़ा निवासी मोहसिन का रविवार को पड़ोसी अश्वनी के साथ नाली की सफाई को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए, जिसके बाद उनके बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में अश्वनी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए घायल अश्वनी के साथ ही दूसरे पक्ष के सिकंदर पुत्र मोहसिन को हिरासत में ले लिया, जिनका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया है। उधर, शनिवार शाम कस्बे के मोहल्ला कोटला में कूड़ा डालने को लेकर हुए संघर्ष के मामले में पुलिस ने अनीस पुत्र खलील व याकूब पुत्र अनीस को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार चल रहे पांच अन्य की तलाश की जा रही है। उधर, मीरापुर में थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी जान मोहम्मद रविवार दोपहर अपनी बीमार पत्नी नूर फातिमा को दवा दिलाने कस्बे में आया था। यहां से लौटते समय कस्बे के बाहर निकलते ही मोंटी तिराहे पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध नूर फातिमा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पुलिस ने डायल-112 की पीआरवी के माध्यम से सीएचसी भेजकर भर्ती कराया।