मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार बदमाश।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सुरेश रैना के फूफा सहित तीन की हत्या में शामिल दो बदमाश मुठभेड़ में दबोचे
मुजफ्फरनगर। पठानकोट के थरियाल में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना के फूफा सहित तीन लोगों की हत्या और लूटपाट की वारदात में शामिल छयमार गिरोह के बदमाश और उसके साथी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार बदमाशों पर हत्या और लूट के कई मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार बदमाशों में काका उर्फ गोलू उर्फ शहजान निवासी गंगोह सहारनपुर और उसका साथी तालिम उर्फ फैजान पिलानी राजस्थान का रहने वाला है। सीओ सिटी कुलदीप कुमार ने बताया कि काका दो साल पहले सुरेश रैना के फूफा अशोक कुमार सहित परिवार के तीन सदस्यों की हत्या और लूटपाट की घटना में शामिल रहा था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। सोमवार रात शहर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि छयमार गिरोह के दो बदमाश वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। किदवईनगर पुलिस चौकी के पास पुलिस ने घेराबंदी की तो बाइक बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने दो तमंचे, एक बाइक, कारतूस बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी विनीत जायसवाल और एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय भी मौके पर पहुंच गए।