मुजफ्फरनगर शहर के पांच विद्यालयों में हुआ था मूल्यांकन
पहले दो केंद्रों से पुस्तिकाएं रवाना की जा चुकी है
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मूल्यांकन कार्य समाप्त होने के बाद अब उत्तर पुस्तिकाएं रवाना भी कर दी गई। बृहस्पतिवार को तीन केंद्रों से दो लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं भेजी गई। इससे पहले दो केंद्रों से पुस्तिकाएं रवाना की गई थी।
मुजफ्फरनगर शहर के पांच विद्यालयों को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया था। 18 मार्च से शुरु हुए मूल्यांकन कार्य को दस दिन के भीतर समाप्त किया गया था। इसके बाद उत्तर पुस्तिकाओं को वापस भेजने की तैयारी की गई और दो केंद्रों से सोमवार को पुस्तिकाएं रवाना की गई। एसडी इंटर कॉलेज और डीएवी इंटर कॉलेज से एक लाख 27 हजार 421 पुस्तिकाओं को भेजा गया था।
बाकी बचे तीन केंद्रों से बृहस्पतिवार को पुस्तिकाओं को ट्रकों के माध्यम से भेजा गया। इसमें इस्लामिया इंटर कॉलेज से 81 हजार 160, चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज से 55 हजार 317 और राजकीय इंटर कॉलेज से 64 हजार 916 पुस्तिकाएं रवाना की गई। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि पूरी सुरक्षा के बीच पुस्तिकाओं को ट्रकों में रवाना किया गया है। इन पुस्तिकाओं के पैकेट बनाकर रूट के हिसाब से ट्रकों में भेजा गया है। यह सीधे संबंधित बोर्ड कार्यालय पर पहुंचेंगी।