उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। यहां चरथावल मार्ग पर शनि धाम से आगे चरथावल से आ रही प्राइवेट बस ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी । इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया ।पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिए हैं। वहीं युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली पुलिस ने बताया कि चरथावल निवासी ऋषभ अपने दोस्त आशीष के साथ मोटरसाइकिल पर मुजफ्फरनगर से चरथावल जा रहा था। रास्ते में शनि धाम से आगे सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल कर शव मोर्चरी भिजवा दिए। पुलिस ने बस व मोटरसाइकिल कब्जे में ली है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।