परिजनों ने इलाज कराने के बाद आरोपी युवक के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बीए की एक छात्रा ने छेड़छाड़ से परेशान होकर पढ़ाई छोड़ दी। आरोपी युवक नहीं माना और उसने छात्रा को बदनाम करने के लिए अपने फोटो के साथ छात्रा का फोटो एडिट कर वायरल कर दिया। परेशान होकर छात्रा ने आत्महत्या की कोशिश की। इसके बाद परिजनों ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र निवासी एक बीए की छात्रा का शहर निवासी युवक ने कॉलेज जाना दूभर कर दिया। परेशान होकर छात्रा ने पढ़ाई छोड़ दी। इसके बाद भी युवक नहीं माना और उसने छात्रा के मोहल्ले के युवकों के साथ दोस्ती कर ली। इसके बाद मोहल्ले में आना जाना शुरू कर दिया। छात्रा के फोटो के साथ अपना फोटो एडिट कर बदनाम करने के लिए वायरल कर दिया। यही नहीं, युवक ने छात्रा के परिजनों का मोबाइल नंबर पता कर उस पर कॉल कर छात्रा को परेशान करना शुरू कर दिय। इससे परेशान होकर छात्रा ने आत्महत्या की कोशिश की। परिजनों ने किसी प्रकार छात्रा को बचाया। इसके बाद परिजनों को बेटी की परेशानी का पता चला। छात्रा के पिता ने थाना सिविल लाइन में अब मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ सिटी कुलदीप कुमार का कहना है कि शनिवार रात में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।