जिले में भी नौ से 30 अगस्त तक चलेगा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले में भी नौ से 30 अगस्त तक मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि अभियान का उद्देश्य हर घर तिरंगा लहराना है।
विकास भवन सभागार में केंद्रीय मंत्री ने तैयारियों के लिए बैठक की। उन्होंने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव का समापन 29 और 30 अगस्त को नई दिल्ली के कर्तव्य- पथ पर किया जाना प्रस्तावित है। 25 अगस्त को लखनऊ में राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। डीएम अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर जिन विभागों को जो दायित्व दिए गए हैं, वह उसके अनुसार कार्यक्रम को सफलतापूर्वक कराना सुनिश्चित करेंगे।
अभियान के तहत नौ अगस्त को ग्राम पंचायत व स्थानीय निकाय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जगह का चयन कर लें। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक स्थान चिन्हित कर 75 पौधों का रोपण करते हुए अमृत वाटिका विकसित की जाएगी।
बैठक में राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल मौजूद रहे। उधर, बैठक के दौरान जिला पंचायत राज विभाग की ओर से जिले के 45 सचिवों को लैपटॉप का वितरण हुआ।