एक और चार नवंबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम में कराए जाएंगे ट्रायल
छह से 20 नवंबर तक वाराणसी, आगरा और मैनपुरी में चलेंगी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। उप क्रीड़ाधिकारी हरफूल सिंह ने बताया कि छह से 20 नवंबर तक होने वाली प्रदेश स्तरीय कुश्ती और हैंडबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के चयन के लिए जिला व मंडल स्तरीय ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिले में यह ट्रायल एक और चार नवंबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम में कराए जाएंगे।
क्रीड़ाधिकारी हरफूल सिंह ने बताया कि प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक कुश्ती, सब जूनियर बालक हैंडबॉल और जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता के चयन के लिए ट्रायल कराए जाएंगे। एक नवंबर को कुश्ती (बालक), चार नवंबर को हैंडबॉल (बालक-बालिका) का स्पोर्ट्स स्टेडियम मुजफ्फरनगर में जिला स्तरीय ट्रायल होगा। इसी के साथ दो नवंबर को कुश्ती (बालक), आठ नवंबर को हैंडबॉल (बालिका) और 11 नवंबर को हैंडबॉल (बालिका) का स्पोर्ट्स स्टेडियम सहारनपुर में मंडलीय स्तरीय ट्रायल होगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद चयनित बच्चों की छह से आठ नवंबर तक वाराणसी, 12 से 15 नवंबर तक आगरा और 17 से 20 नवंबर तक मैनपुरी में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता होगी।
बताया कि प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी निर्धारित किट में ही प्रतिभाग करेंगे। हैंडबॉल (बालिका) खिलाड़ियों की जन्मतिथि एक जनवरी 2003 के बाद एवं हैंडबॉल (बालक) की जन्मतिथि एक जनवरी 2006 के बाद की होनी चाहिए। उधर, सब जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता के लिए भार वर्ग- 45, 48, 51, 55, 60, 65, 71, 80, 92 और 110 किलोग्राम एवं प्रतिभाग करने वाले कुश्ती (बालक) खिलाड़ियों की जन्मतिथि एक जनवरी 2005 से 31 दिसंबर 2007 के बीच होनी चाहिए। सभी खिलाड़ियों को आधार कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट की फोटो और जन्मतिथि प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी लाना अनिवार्य है।