मेरठ का रहने वाला था ट्रांसपोर्टर, मिस्त्री के साथ मसूरी गया था खराब गाड़ी सही करने
शनिवार रात लौटते वक्त खतौली बाईपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। उत्तराखंड के मसूरी में खराब गाड़ी को सही कर लौट रहे ट्रांसपोर्टर की कार में खतौली बाईपास पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार ट्रांसपोर्टर और मिस्त्री की मौत हो गई, जबकि हेल्पर गंभीर घायल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी योगेंद्र यादव ने बताया कि उनका छोटा भाई सतेंद्र यादव (36) ट्रांसपोर्ट का काम करता था। उसने दस फरवरी को 26 सीटर गाड़ी टूर के लिए मसूरी भेजी थी। गाड़ी के 11 फरवरी को खराब होने की सूचना मिली। इसके बाद सत्येंद्र अपने साथ मिस्त्री दिलशाद निवासी लिसाड़ी गेट, मेरठ और हेल्पर तालिब खान पुत्र मोहम्मद निवासी जाकिर कॉलोनी को अपनी कार में मसूरी ले गया। गाड़ी सही करने के बाद तीनों शनिवार की रात मसूरी से कार से मेरठ लौट रहे थे। खतौली बाईपास पर भैसी पुल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे में जहां तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को कार से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने सत्येंद्र यादव और दिलशाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल तालिब खान को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मृतक सतेंद्र के भाई योगेंद्र की तहरीर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।