खतौली। गांव बड़सू सलावा मार्ग पर ट्रैक्टर रजबहे में जा गिरा, जिसके नीचे किसान व उसका दोस्त दब गए। खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों ने बामुश्किल दोनों घायलों को बाहर निकाला। रतनपुरी के गांव भूपखेड़ी निवासी किसान मनोज पुत्र लखमीर व गांव निवासी राहुल पुत्र सुभाष शनिवार को गांव से ट्रैक्टर लेकर खतौली में ठीक कराने जा रहे थे। ट्रैक्टर को मनोज का दोस्त राहुल चला रहा था। गांव बड़सू में सलावा मार्ग पर ट्रैक्टर रजबहे में गिर पड़ा और दोनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए। चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम करने वाले ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े और बामुश्किल ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों घायलों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने घायलों का गांव में चिकित्सक के यहां उपचार कराया।