महिलाओं को जागरुक करती एनएसएस की छात्रा।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
महिलाओं को अधिकारों के बारे में बताया
मुजफ्फरनगर। चौधरी छोटूराम कॉलेज की एनएसएस की छात्राओं ने घर-घर जागर जन जागृति अभियान चलाया। महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में बताया।
प्राचार्य डॉ. नरेश मलिक एवं एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आईडी शर्मा के निर्देशन में छात्राएं अपनी-अपनी बस्तियों में पहुंची और महिलाओं के सशक्तीकरण के संदर्भ में जन जागृति अभियान चलाया। उनको पारिवारिक हिंसा से बचने के लिए व्यावहारिक सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां परिवार पर बोझ नहीं है, बल्कि आज वह पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में अपनी उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। अत: वे बेटे और बेटियों को समान समझे तथा उनको उन्नति के अवसर प्रदान करने में अपना पूर्ण सहयोग दें। यह उन्नति शिक्षा के द्वारा ही संभव है। अत: उन्हें बेहतर शिक्षा दिलाने का प्रयास करें। अपने बेटों की शादियां बिना दहेज के स्वीकार करके समाज में एक संदेश देने का भी प्रयास करें। वॉलिंटियर्स जसप्रीत कौर, अदिति चौधरी, काजल पाल, अंशिका सिंह, एकता वर्मा, वंशिका, प्राची शर्मा, अपूर्वा, झनक चौधरी, कनक, ज्योति व शिवानी की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. हरिओम शर्मा, डॉ. अभिषेक सिंह का सहयोग रहा।