मुजफ्फरनगर। डेंगू से बचाव के लिए जिला मलेरिया विभाग ने तमाम तरह के कार्यक्रम चलाए हुए हैं। ऐसे में हर रविवार, मच्छर पर वार के तहत लोगों को जागरुक किया जा रहा है। वहीं, डेंगू के बढ़ते प्रकोप को लेकर अर्बन आशाओं को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
सितंबर के पहले दिन ही डेंगू के दो मरीज मिले थे। जिले में अब तक 15 मरीज पॉजीटिव हो चुके हैं। दो मरीज जुलाई, 11 मरीज अगस्त और दो मरीज सितंबर में मिले हैं। इसको लेकर जिला मलेरिया विभाग की टीम जगह-जगह जाकर सर्वे कर रही है। शनिवार को चरथावल में सर्वे किया गया और मरीजों की खून की जांच कराई गई। वहीं, टीम की ओर से अर्बन आशाओं को प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्हें डेंगू व मलेरिया से बचाव के टिप्स दिए गए, ताकि वह लोगों को जागरुक कर सकें।
जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि जिला चिकित्सालय में फिलहाल डेंगू के पांच मरीज भर्ती हैं। डेंगू पॉजीटिव मरीजों का उपचार जारी है। लोगों को लगातार जागरुक भी किया जा रहा है। जिस जगह बुखार के अधिक मरीजों की सूचना मिल रही है, वहां शिविर लगाकर उनकी जांच कराई जा रही है और लार्वा को भी नष्ट किया जा रहा है।
- इनसेट
हर रविवार, मच्छर पर वार
- कूलर एवं पानी की टंकियों को खाली कर साफ करें।
- घरों या आसपास जहां कहीं भी रुका व ठहरा पानी हो, उसे सुखा दें।
- पानी की टंकी के ढक्कन बंद रखें और सप्ताह में एक दिन इसको खाली करें।
- गमलों के नीचे रखे बर्तनों में से पानी को नियमित सुखाएं।
- पुराने टायर, बर्तनों को हटा दें या फिर उनमें इकट्ठा पानी को सुखा दें।
- सोते समय मच्छरदानी का उपयोग जरूर करें।
- दरवाजों व खिड़कियों पर जाली लगवाएं।