तिस्सा का युवक छत्तीसगढ़ में हादसे में घायल
भोपा। छत्तीसगढ़ के कोल्हू में मजदूरी करने गए तिस्सा का युवक हादसे में घायल हो गया, जबकि उसके साथी की मौके पर ही मौत हो गई थी।
भोपा क्षेत्र के गांव तिस्सा निवासी आशू पुत्र राजेंद्र कश्यप एक माह पूर्व गांव के ही ठेकेदार के साथ छत्तीसगढ़ में स्थित कोल्हू में मजदूरी करने के लिए गया था। वह छत्तीसगढ़ के जिला कवंरदा थाना पिपरिया क्षेत्र के गांव गोपाल भवना में कोल्हू में मजदूरी कर रहा था। दो दिन पूर्व कोल्हू में काम करने वाले युवक के साथ वह बाइक से बाजार में सामान लेने के लिए जा रहा था। गांव से बाहर रोड पर ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक चला रहे छत्तीसगढ़ के युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तिस्सा निवासी आशू घायल हो गया था। घायल युवक का इलाज छत्तीसगढ़ के अंदर ही चल रहा था। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से घायल युवक के उपचार में मदद की गुहार लगाई है।