- ठगी का पता चलने पर दुकानदार ने सिविल लाइन थाने में तहरीर दी है
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। एक दुकानदार को महिला से फोन कराकर ठगों ने बीस हजार कीमत का 120 किलो फेवीकॉल ठग लिया। ठगी का पता चलने पर दुकानदार ने सिविल लाइन थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में रुड़की रोड पर रमन गोयल क्लासिक हार्डवेयर के नाम से दुकान चलाते हैं। सोमवार दोपहर में उनके मोबाइल पर एक महिला ने फोन किया और कहा कि उन्हें 120 किलो फेवीकॉल की जरूरत है। यह फेवीकॉल थाना सिविल लाइन क्षेत्र के सरकुलर रोड पर पैथोलॉजी वाली गली में भेजना है। जितना भुगतान होगा वह फेवीकॉल लेकर आने वाले रेहड़ा चालक को कर दिया जाएगा। इसके बाद फेवीकॉल लेकर रेहड़ा चालक शेरोदीन को भेजा गया। वह पैथोलॉजी के पास पहुंचा तो वहां खड़े व्यक्ति ने रेहड़ा रोक कर फेवीकाॅल उतरवा लिया और पैसे दिलाने के लिए वह गली में ही एक घर के पास ले गया।
वहां रेहड़ा चालक को बातों में उलझा कर आरोपी व्यक्ति फरार हो गया। रेहड़ा चालक वापस गली के बाहर पहुंचा तो वहां से फेवीकॉल व आरोपी व्यक्ति भी गायब था। इसके बाद रेहड़ा चालक ने ठगी की जानकारी दुकान मालिक को दी तो वह अपने साथी व्यापारियों के साथ मौके पर पहुंचा। काफी तलाश व पता करने पर आरोपी व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस ने तहरीर दी। थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।