तितावी में पहुंचे पानीपत से अपने शहर कौशांबी जा रहे युवक।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पानीपत से पैदल कौशांबी जा रहे तीन युवक
मुजफ्फरनगर, तितावी। लॉकडाउन के दौरान हरियाणा के पानीपत में फंसे तीन युवक कोई मदद न मिलने पर पैदल ही जनपद कौशांबी स्थित अपने घर के लिए निकल पड़े। करीब 750 किलोमीटर लंबे सफर के दौरान बुधवार को भूखे-प्यासे तीनों युवक गांव काजीखेड़ा पहुंचे, जहां एक कोल्हू मालिक ने उन्हें खाना खिलाया। जनपद कौशांबी निवासी राम बाबू, नरेश व लखन लाल ने बताया कि वे पानीपत में मजदूरी करते हैं। उनके पास रुपये खत्म हो गए और खाने के भी लाले पड़े तो वे पैदल ही गृह जनपद कौशांबी के लिए निकल पड़े। तीनों ही युवक रविवार से भूखे थे, जो पैदल चलते हुए खेतों से गन्ने तोड़कर चूसते हुए भूख-प्यास मिटा रहे थे। गांव काजीखेड़ा में कोल्हू मालिक ने उनकी स्थिति देख उन्हें खाना खिलाया। इसके बाद तीनों युवक पैदल ही गंतव्य के लिए रवाना हो गए।