भोपा। शराब ठेके पर कैंटीन संचालक से पैसों के विवाद के चलते काफी समय से कैंटीन पर बैठे शराब पी रहे चार युवकों ने कैंटीन स्वामी, सेल्समैन व एक युवक को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सकों ने तीनों को रेफर कर दिया।
चार युवक काफी समय से भोपा शराब की दुकान के निकट शराब की कैंटीन पर बैठे शराब पी रहे थे। शाम को जैसे ही कैंटीन संचालक रेशु निवासी पुरकाजी ने चारों युवकों से पैसे मांगे तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। कैंटीन संचालक ने इसका विरोध किया तो उस पर चाकू से हमला कर दिया।
कैंटीन संचालक के बचाव में आए पास की अंग्रेजी शराब की दुकान के सेल्समेन निखिल निवासी सिकंदरपुर भोपा व भोपा निवासी युवक प्रवेश पर भी चाकू से हमला किया। जिसमें दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को गंभीर हालत के कारण रेफर कर दिया। तीनों घायलों के पेट पर चाकू से हमला किया गया है। थाना पुलिस का कहना है कि घायलों को उपचार के लिए भेज दिया गया है। चारों युवाओं को मौके से गिरफ्तार किया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। अभी घटना की तहरीर नही आई है।