बुलंदशहर, अलीगढ़, कानपुर सहित हरियाणा के ध्यानार्थ
- चेक चोरी कर फर्जी (क्लोन) चेक बनाकर बैंकों से भुगतान प्राप्त करते थे
- अपराध के मास्टर माइंड समेत तीन आरोपी अभी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने बैंकों से चेक चोरी कर फर्जी (क्लोन) चेक बनाकर बैंकों से भुगतान प्राप्त करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को सरगना सहित पकड़ा है। अपराध के मास्टर माइंड समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं। मुकदमा दर्ज कर पचैंडा रोड पर नसीरपुर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार आरोपियों का चालान किया है।
पुलिस लाइन में एसएसपी संजीव सुमन ने प्रेसवार्ता में बताया कि नई मंडी बैंक आफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक रोबिन शर्मा ने बैंक के चेक बाक्स से तीन चेक चोरी कर क्लोन चेक बनाकर खातों से भुगतान लेने का मुकदमा दर्ज कराया था। सीसीटीवी में दिखाई देने वाले तीन युवकों को पकड़ा गया। जो बैंक के गार्ड को गुमराह कर चेक चोरी करते थे। इस गैंग ने जिले में छह घटनाएं की है। दो आरोपी पहले जेल जा चुके है। गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लिया जाएगा। गिरफ्तार दीपक कक्षा दस, हरिओम कक्षा छह व अंकित कक्षा बारह तक शिक्षित है।
पूछताछ में उगला राज
गिरोह के सदस्य कार में अलग-अलग शहरों में जाकर बैंकों से चेक बाक्स से चेक चोरी करते थे। 16 अक्टूबर को राजीव, कुलदीप व अंकित व हरिओम मुज्जफरनगर आए थे। बैंक ऑफ बड़ौदा गांधी काॅलोनी शाखा में राजीव व कुलदीप ने चेक बाक्स को नकली चाबी से खोलकर तीन चेक चोरी किए। उसी दिन मेरठ रोड पर कैनरा बैंक शाखा से एक चेक चोरी किया। नोएडा जाकर कंप्यूटर व अपराध के मास्टर माइंड साथी प्रशांत की मदद से लैपटाॅप व प्रिंटर से फर्जी चेक तैयार कर 17 अक्टूबर को एक चेक पीएनबी शाखा शिव चौक से 35 हजार रुपये व एक चेक पीएनबी शाखा कोर्ट रोड से 70 हजार रुपये व एक चेक एसबीआई शाखा प्रेमपुरी से तीन लाख चालीस हजार रुपये का नकद भुगतान विपिन कुमार के नाम से लिया था। देहरादून, सहारनपुर, शामली, हरिद्वार, मुरादाबाद, रामपुर, हापुड़, अमरोहा शहरों से भी बैंकों से चेक चोरी कर फर्जी चेक तैयार कर भुगतान प्राप्त किया था। उनके साथी राजीव के पास 50 हजार, कुलदीप के पास 75 हजार रुपये व प्रशांत के पास 50 हजार रुपये इसी अपराध के हैं। प्रशांत कहीं भी कम आता जाता है। वह फर्जी चेक तैयार करता है। प्रेसवार्ता में एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत भी मौजूद रहे।
इनको किया गिरफ्तार
- दीपक कुमार सैनी, निवासी चावला काॅलोनी थाना बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद, हरियाणा
- हरिओम यादव, निवासी नंगला खिन्नी थाना पटियाली जिला कासगंज
- अकिंत, निवासी ग्राम परतापुर थाना पटियाली जिला कासगंज
इनकी है तलाश
- राजीव सचान, निवासी 34 योगेंद्र बिहार खड़ेपुर थाना नौबस्ता जिला कानपुर नगर
- कुलदीप, निवासी सिकंदराबाद रोड कस्बा व थाना ककोड़ जिला बुलंदशहर
- प्रशांत, निवासी धुमरी रोड थाना पटियाली जिला कासगंज
यह हुई बरामदगी
एक बैग, 47 चाबी, कई आधार कार्ड, एसबीआई, पीएनबी व बैंक ऑफ बड़ौदा की पासबुक, चेकबुक तथा कुछ भरे हुए चेक व जमा पर्ची व एक कार, ढाई लाख नगद, दो मोबाइल, एक प्रिंटर, एक लैपटाॅप बरामद हुआ।