पुरकाजी। पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दो ट्रक चलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को पुरकाजी खाईखेड़ी मार्ग पर सत्य विहार कॉलोनी के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से दो ट्रक भी जब्त किए हैं। सीओ सदर डॉ. रवि शंकर मिश्रा ने बताया कि मुखबिर की ओर सूचना में बताया गया था कि कुछ लोग एक ही नंबर प्लेट का इस्तेमाल दो ट्रकों पर फर्जी तरीके से कर रहे हैं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और छापा मारा। मौके से कस्बे के ही मोहम्मद जाहिद, इस्तेकार और फुरकान नामक तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। थाने लाकर की गई पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वह एक ट्रक की फाइनेंस और बीमा की किस्त से बचने के लिए ऐसा कर रहे थे। यह सब ट्रक मालिक की सहमति से किया जा रहा था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर बीते सोमवार को चालान कर दिया है। आरोपियों ने बताया कि वह एक ट्रक की वित्तीय देनदारियों, फाइनेंस और बीमा की किस्तों से बचने के लिए यह तरीका अपनाते थे। इसके लिए वह एक वैध नंबर प्लेट को दूसरे ट्रक पर लगा देते थे। यह पूरी योजना ट्रक मालिक की जानकारी और सहमति से चल रही थी। संवाद