हत्या में नामजद तीन आरोपी जेल भेजे
मोरना (मुजफ्फरनगर)। दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज में नहीं देने पर विवाहिता जैनब की हत्या के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश डाल रही है। गांव ककरौली में बुधवार को नवविवाहिता जैनब की दहेज हत्या को लेकर परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया था। इस पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। जिला मेरठ के बहसूमा थाने के गांव चौधरीपुर निवासी रईस ने अपनी बेटी जैनब की शादी 17 माह पूर्व ककरौली गांव के राशिद के साथ की थी। बुधवार को मकान के अंदर चुन्नी के द्वारा फांसी लगा शव ककरौली पुलिस ने बरामद किया था, जिसमें मृतका जैनब के पिता रईस के द्वारा आरोपी पति सहित नौ ससुराल वालों के विरुद्ध दहेज में मुकदमा दर्ज कराया गया था। ककरौली थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी ने बताया कि आरोपी पति राशिद, हारुन पुत्रगण बाबू व मुस्तकीम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। सीओ सोमेंद्र नेगी ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी।