दस लाख के मोबाइल, एक लाख रुपये से अधिक की नकदी पर चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के पुरानी घासमंडी स्थित रॉयल मोबाइल गैलरी का शटर उखाड़ कर चोरी कर ली गई। दुकान से दस लाख से अधिक के मोबाइल और एक लाख बाइस हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया गया है।। पुलिस ने पहुंच कर जानकारी ली।
पुरानी घास मंडी में रॉयल मोबाइल गैलरी के नाम से सुहेल की दुकान हैं। बुधवार की शाम वह दुकान बंद कर घर चला गया था। बृहस्पतिवार सुबह उसे पड़ोसी दुकानदार ने सूचना दी कि उनकी दुकान का शटर उखड़ा हुआ है। सुहेल व उसके परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा की दुकान का शटर उखड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस भी मौके पर पहुंची।
दुकानदार सुहेल ने बताया कि दुकान में रखे एक लाख 22 हजार रुपये नकद और दस लाख से अधिक के मोबाइल चोरी किए गए है। पुलिस को तहरीर दे दी है। सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह का कहना हैं कि चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम बनाई हैं।
बच्चे से चोरी कराने की आशंका
दुकानदार सुहेल ने बताया कि ऐसा लग रहा हैं कि शटर उखाड़ कर किसी बालक को दुकान के अंदर घुसाया गया। शटर थोड़ा सा ही उखाड़ा गया था। बनाए गए रास्ते से कोई छोटा बालक ही अंदर जा सकता है।