गांव मजलिसपुर तौफीर में बुधवार की रात की गई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना। भोपा थाना क्षेत्र के गांव मजलिसपुर तौफीर में बुधवार की रात दो घरों को चोरों ने निशाना बनाया। नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी की घटना से क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताई।
मजलिसपुर तौफिर निवासी महेन्द्र और परिवार के सदस्य बृहस्पतिवार को सुबह जागे तो उन्हें सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया और कमरे में रखी सेफ अलमारी का ताला टूटा पाया। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पीड़ित परिवार ने बताया कि सेफ अलमारी में रखी 40 हजार रुपये, सोने का पैंडल, दो अंगूठी, सिक्का, कुंडल और चांदी की पाजेब समेत अन्य आभूषण पर चोरों ने हाथ साफ किया।
इससे पहले चोरों ने राहुल के घर में भी चोरी को अंजाम दिया। राहुल किसी रिश्तेदारी में गया हुआ था। उसके पिता ओमप्रकाश घेर में सोए हुए थे। पत्नी राधा और उसके दो बच्चे घर में सोए थे। रात में चोरों ने घर में घुसकर सेफ अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखा सोने का सेट, दो अंगूठी, ताबीज व चांदी के तीन मंगलसूत्र, दो जोड़ी पाजेब, चुटकी आदि चोरी किए। पुलिस ने दोनों चोरी की घटना को लेकर जांच शुरु की। उधर, ग्रामीणों ने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की।