चोर सीसीटीवी कैमरा भी चोरी कर ले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर। गांव देवल स्थित शराब के तीन ठेकों में दीवार तोड़कर हजारों रुपये कीमत की शराब, नकदी और बैटरी चोरी कर ली गई। चोर सीसीटीवी कैमरा भी चोरी कर ले गए।
गांव देवल में अंग्रेजी और बियर की दुकान पर नरेंद्र सेल्समैन है, जबकि देशी शराब की दुकान पर अहमदवाला निवासी सुखविन्द्र सेल्समैन है। सोमवार की शाम सभी दुकानें बंद कर अपने घर चले गए थे। देर रात चोर देशी शराब की दुकान की दीवार तोड़कर उसके अंदर घुस गए। अंदर से ही दूसरी दीवार तोड़कर बीयर की दुकान पहुंचे गए। इसके बाद अंग्रेजी शराब की दुकान की दीवार भी तोड़ दी। दुकान में रखी अंग्रेजी शराब की 17 बोतलें, 34 पव्वे और दुकान के अंदर लगा सीसीटीवी कैमरा चोरी कर लिया।
देशी शराब की दुकान से दो बैटरी, मंदिर के गल्ले में रखी करीब 500 रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। मंगलवार की सुबह जब सेल्समैन दुकान पर पहुंचे तो चोरी की घटना की जानकारी लगी। एसओ रामराज सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच पड़ताल की।