मुजफ्फरनगर। शहर में 20 सितंबर से 10 अक्तूबर तक होने वाली अग्निवीर भर्ती के लिए तैयारियां तेज हो गई है। शारीरिक परीक्षा का तहसील के हिसाब से शेड्यूल तय कर दिया गया है। पहले दिन गौतमबुद्ध नगर जिले की तीनों तहसीलों के युवा मैदान पर जोर आजमाइश करेंगे। मुजफ्फरनगर के युवाओं की भर्ती छह और सात अक्तूबर को होगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने बताया कि 20 सितंबर को गौतमबुद्धनगर, दादरी और जेवर तहसील की भर्ती होगी। 21 सितंबर को हापुड़, धौलाना और गढ़ मुक्तेश्वर, 22 सितंबर को रामपुर, टांडा, मिलक, बिलासपुर, शाहबाद, स्वार, 23 सितंबर को शामली, ऊन और कैराना, 24 सितंबर को गाजियाबाद, मोदीनगर, 25 सितंबर को लोनी, चांदपुर, नजीबाबाद, 26 सितंबर को बिजनौर, धामपुर, नगीना, 27 सितंबर को बागपत, बड़ौत, 28 सितंबर को खेकड़ा, कांठ, बिलारी, 29 सितंबर को मुरादाबाद, नौगांव सादात, धनौरा, 30 सितंबर को अमरोहा, हसनपुर, एक अक्तूबर को सहारनपुर देवबंद, रामपुर मनिहारन, दो अक्तूबर को बेहट, नकुड़, डिबाई, तीन अक्तूबर को अनूपशहर, बुलंदशहर, चार अक्तूबर को खुर्जा, शिकारपुर, पांच अक्तूबर को सिकंद्राबाद, स्याना, छह अक्तूबर को मुजफ्फरनगर, खतौली, सात अक्तूबर को जानसठ, बुढ़ाना, आठ अक्तूबर को मेरठ, नौ अक्तूबर को मवाना और 10 अक्तूबर को सरधना तहसील की भर्ती कराई जाएगी।
इन मैदानों का किया जाएगा इस्तेमाल
सेना में भर्ती के लिए मेरठ रोड स्थित चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, नुमाइश ग्राउंड और सरकुलर रोड स्थित जीआईसी ग्राउंड का प्रयोग किया जाएगा।
इन जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती
अग्निवीर भर्ती के लिए मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, बागपत, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर, सहारनपुर और शामली के अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।
मेरठ के लिए सबसे ज्यादा तीन दिन
मेरठ की तीनों तहसीलों के लिए अलग-अलग दिन रखे गए हैं। मेरठ, मवाना और सरधना के लिए अलग-अलग दिन भर्ती होगी। केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने बताया कि सरधना के युवाओं को 10 अक्तूबर को मौका मिलेगा।