मंगलवार की सुबह झगड़े के मामले में पूछताछ के लिए पुलिस कर्मी पकड़ कर लाए थे युवक को
दोपहर में लघुशंका का बहाना बना कर भाग गया युवक, पुलिस दौड़े, लेकिन हाथ नहीं आया
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। मंगलवार को स्थानीय कोतवाली पुलिस की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। झगड़े के मामले में पूछताछ के लिए थाने लाया गया एक युवक लघुशंका के बहाने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने से भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ भी लगाई लेकिन वह संकरी गलियों में घुसकर फरार हो गया।
मंगलवार सुबह के समय स्थानीय पुलिसकर्मी एक युवक को झगड़े के मामले में पकड़कर लाए थे। हवालात में न बिठाकर पुलिसकर्मियों ने उसे मुंशी के पास बैठा दिया। उससे पूछताछ करने की बात कही गई। दोपहर मेें करीब एक बजे युवक ने मुंशी से लघुशंका जाने के लिए कहा। मुंशी ने एक सिपाही को युवक को लघुशंका कराकर लाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों चले गए। लौटते वक्त युवक ने कोतवाली से बाहर की तरफ दौड़ लगा दी। जब तक पुलिस कर्मी कुछ समझ पाते, युवक कोतवाली से बाहर निकल गया था। इससे पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने युवक को पकड़ने के लिए दौड़ लगाई लेकिन मोहल्ला लाल मोहम्मद की संकरी गलियों में घुसकर युवक फरार हो गया।
भीड़ का उठाया फायदा
जिस समय युवक को पकड़कर लाया गया था, उस समय थाने के अंदर भीड़ लगी थी। जब लघुशंका से वापस लाया जा रहा था, उस वक्त भी भीड़ लगी थी। भीड़ का फायदा उठाकर ही युवक पुलिसकर्मी को चकमा देकर भाग निकला।
युवक को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। वह किसी मामले का आरोपी नहीं था। - संजीव कुमार, प्रभारी, कोतवाली खतौली।