प्राचीन सिद्धपीठ महादेव मंदिर का मामला, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। कस्बे के एक युवक ने हथौड़ा मारकर प्राचीन सिद्धपीठ महादेव मंदिर में स्थित शिवलिंग को खंडित कर दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
सिद्धपीठ प्राचीन महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रवीण तंवर ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी। बताया कि कस्बे के रहने वाले युवक राहुल पुत्र लक्ष्मण ने मंदिर में स्थित प्राचीन महादेव शिव की पिंडी को हथौड़ा मार कर खंडित कर दिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज खंगालने पर घटना करने वाले युवक का पता चला। इस घटना को लेकर श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना पर मौके पर मंदिर समिति पदाधिकारियों के अलावा श्रद्धालु पहुंचे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक राहुल को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर विश्वजीत का कहना है कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। मुकदमा लिख कर जेल भेजा जाएगा।