उप मुख्यमंत्री बोले - एक परिवार तंत्र का बंधक हो चुकी है कांग्रेस
कहा- हमारे कार्यकर्ता हनुमान, 2024 में दोहराएंगे 2014 का रिजल्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मोदी देश नहीं दुनिया के लोकप्रिय नेता है। राहुल गांधी अमेरिका में जाकर प्रलाप कर रहे हैं। दुनिया राहुल पर हंस रही है। कांग्रेस परिवार तंत्र की बंधक हो चुकी है। कार्यकर्ता हनुमान की तरह 2014 की ताकत को याद करें और इसे 2024 में दोहराएं। भाजपा जातिवाद, क्षेत्रवाद की नहीं राष्ट्रवाद की राजनीति करती है।
गांधीनगर स्थित भाजपा कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष अपनी उपलब्धि और विपक्ष खामियां जनता के सामने रखता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेरिका में जाकर प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते हैं, मोदी दुनिया के लोकप्रिय नेता है, अमेरिकी भी राहुल गांधी पर हंस रहे हैं। कांग्रेस गांधी परिवार की बंधक हो चुकी है। सभी विपक्षी दल 2024 में भाजपा के खिलाफ एकजुट हो सकते हैं, लेकिन जनता मोदी के नेतृत्व में एकजुट है।
कहा कि हमारे कार्यकर्ता हनुमान है, हम इन्हें 2014 वाली ताकत याद दिलाने आए हैं। भाजपा गरीब कल्याण के लिए कार्य कर रही है। नौ वर्ष में देश ने प्रत्येक क्षेत्र में विकास किया है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल, पूर्व सांसद सोहनवीर सिंह, पूर्व विधायक अशोक कंसल, प्रमोद ऊटवाल, उमेश मलिक, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र देव शर्मा, यशपाल पंवार, सुधीर सैनी, देवव्रत त्यागी, गीता जैन, कविता सैनी, गौरव स्वरूप, रोहिल वाल्मीकि, विनीत कात्यान, पुरुषोत्तम, विजय सैनी, सुषमा पुंडीर, संजय गर्ग, संजय अग्रवाल मौजूद रहे।
भाजपा ने इस तरह तैयार मिशन 2024
डिप्टी सीएम ने बताया कि 2014 में हमने प्रदेश में 73 सीट जीती थी, इस बार सभी 80 सीट जीतने का लक्ष्य है। चुनाव सरकार नहीं पार्टी लड़ती है, कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हो जाएं। प्रदेश के 75 जिलों को तीन हिस्सों में बांटा गया है। 25 जिलों का प्रभारी मुझे बनाया गया है, इनमें मुजफ्फरनगर भी है। 25 जिले मुख्यमंत्री और 25 उप मुख्यमंत्री ब्रिजेश पाठक को दिए गए हैं।
दो मिनट का मौन धारण किया
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यक्रम के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर और सम्मान के अन्य कार्यक्रम रद्द कर दिए। ओडिशा ट्रेन हादसे के कारण देश शोक में डूबा है। कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखा।