खतौली के गांव भैसी में गडढे भरने के काम में लगे मजदूर।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खतौली। गांव भैसी में जीटी रोड पर बने गहरे गड्ढे भरने का काम तीसरे दिन भी जारी रहा। एक दर्जन मजदूरों ने सड़क पर रोड़ा फैलाकर डस्ट डालने का काम किया। लगातार चल रहे काम से ग्रामीण संतुष्ट हैं।
भैसी मोड़ से लेकर गंगनहर पुल तक सड़क में गहरे गड्ढे हो रहे थे। जिस कारण उनमें पानी भर गया था। गहरे गड्ढों में पानी भरा होने के कारण उसकी गहराई का अंदाजा लगाना नामुमकिन था, ऐसी स्थिति में रोडवेज बस पलटने से बचने के बाद ग्रामीणों ने रोड़ जाम कर हंगामा किया था। मौके पर पहुंचे अधिशासी अभियंता को भी गड्ढों में घुमाया गया था। उसके बाद से मजदूर लगाकर गहरे गड्ढे भरवाए जा रहे है। बुधवार की रात रोड़ी से भरा ट्रक आया था।
बृहस्पतिवार सुबह से ही एक दर्जन मजदूर काम करने के लिए आ गए थे। सड़क पर रोड़ी डालकर गड्ढे भरने का काम किया गया। पीडब्लूडी विभाग के एई व जेई ने भी मजदूरों द्वारा किए जा रहे काम पर पैनी नजर रखी। देर सायं तक मजदूरों ने काम किया। भाकियू नेता मनीष चौधरी का कहना है कि पिछले तीन दिनों से पीडब्लूडी गहरे जानलेवा गड्ढे भरवाने का काम कर रही है। जब तक सड़क का काम पूरा नही हो जाता तब तक काम जारी रहेगा।