शराब की दुकान का स्थान बदलने पर आक्रोशित हुईं महिलाएं
तहसीलदार ने महिलाओं को समझाकर शांत किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। डूंगर गांव के लिंक मार्ग से राजपुरगढ़ी गांव के चौराहे पर शराब की दुकान बदलने को लेकर महिलाओं में आक्रोश है। उन्होंने शराब की दुकान के सामने जमकर हंगामा किया। शराब के पाउच और प्लास्टिक की बोतलों को दुकान से बाहर फेंक कर आग के हवाले कर दिया। तहसीलदार ने महिलाओं को समझाकर शांत किया।
राजपुरगढ़ी से डूंगर गांव के लिंक मार्ग पर शराब की दुकान है। इस दुकान की अनुज्ञापी महिला है। शनिवार को डूंगर गांव के लिंक मार्ग से शराब की दुकान स्थानांतरित करके राजपुरगढ़ी गांव के चौराहे पर लाई जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर गांव की महिलाएं आक्रोशित हो गई। बड़ी संख्या में महिलाएं शराब की दुकान पर पहुंची और विरोध करते हुए हंगामा किया। यही नहीं, शराब के पाउच और प्लास्टिक की बोतलें दुकान से बाहर फेंककर उनमें आग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार सतीश चंद बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिलाओं ने कहा कि किसी भी कीमत पर शराब का ठेका गांव के अंदर नहीं खुलने दिया जाएगा। परिवार के पुरुष जहां शराब के आदी हो रहे है, वहीं, महिलाओं और युवतियों का निकलना दूभर हो जाएगा। तहसीलदार ने समझाते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान का ध्यान रखा जाएगा। शराब का ठेका गांव के अंदर नहीं खुलने दिया जाएगा। तहसीलदार के आश्वासन पर महिलाएं शांत हुई।
हंगामा करने वालों में महिला संगठन की अध्यक्षा सोनिया, राखी, सृष्टि, गुड्डी, अनीता, बिरजो, मामो, मिथलेश, रेखा व सत्तो आदि मौजूद रहीं।