मुजफ्फरनगर/शाहपुर। नगर की नई मंडी में जहां साप्ताहिक बंदी में अधिकतर दुकानें खुली रहीं। वहीं, शाहपुर कस्बे में साप्ताहिक बंदी का पूर्ण असर रहा।
शाहपुर कस्बे में रविवार को साप्ताहिक बंदी का दिन निर्धारित है। पिछले कई वर्षों से कस्बे में साप्ताहिक बंदी नहीं हो रही थी। हाल ही में जिलाधिकारी ने जनपद में साप्ताहिक बंदी को लागू करने के आदेश दिए थे। डीएम के निर्देश के बाद रविवार सुबह नगर पंचायत कर्मियों के अलावा पुलिस प्रशासन के लोगों ने कस्बे में घूम कर खुली दुकानों के स्वामियों को चेतावनी देते हुए उनकी दुकान बंद कराई। इसके अलावा पुलिस व प्रशासनिक टीम ने कुछ दुकानों की वीडियो भी बनाई। पुलिस प्रशासन के वीडियो बनाने से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कस्बे में पान, बीड़ी व सिगरेट तक की दुकान बंद रहीं। पुलिस प्रशासन व नगर पंचायत कर्मियों की सख्ती के चलते कस्बे में साप्ताहिक बंदी का पूर्ण असर देखने को मिला। उधर, मुजफ्फरनगर की नई मंडी क्षेत्र में अधिकतर दुकानें खुली रहीं।