रविवार सुबह फैली स्मॉग में गतव्य को जाते वाहन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
जिले के कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई, उमस भरी गर्मी से मिली राहत
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। मौसम ने रविवार को कई रंग बदले। सुबह के समय स्मॉग छाया रहा। दोपहर के समय तेज धूप से गर्मी हुई, जबकि शाम के समय बादल छा गए और तेज हवा चली। कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई। बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
सुबह छह से से साढ़े सात बजे के बीच स्मॉग का असर रहा। पचैंडा रोड पर सबसे ज्यादा असर रहा। धूप खिली तो स्मॉग गायब हो गया। दिन का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रहा। तेज धूप खिलने से लोगों को उमस झेलनी पड़ी। इसके बाद शाम करीब चार बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। कई क्षेत्रों में तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। पिछले कई दिन से उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है।
इस तरह चढ़ा हुआ पारा
तिथि अधिकतम तापमान
12 अगस्त 35.8 डिग्री
13 अगस्त 34.2 डिग्री
14 अगस्त 34.5 डिग्री
रात को भी गर्मी से राहत नहीं
दिन में उमस बरकरार है। रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रहा है। रविवार रात का तापमान 26.2 डिग्री रहा। पिछली तीन रात से तापमान 26 डिग्री के पास बना हुआ है, जिससे रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
वायरल का बढ़ रहा प्रकोप
मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बने रहने से वायरल का प्रकोप बना हुआ है। बुखार और खांसी-जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. योगेंद्र कुमार त्रिखा का कहना है कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव की वजह से लोग बीमार हो रहे हैं। बीमारियों से बचने के लिए सावधानी जरूरी है। बीमारी के शुरूआती लक्षण दिखते ही डॉक्टर से परामर्श करें।