गांव तिस्सा में वृद्धा की मौत के बाद विलाप करती महिलाएं।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मकान की दीवार गिरी, मलबे में दबकर वृद्धा की मौत
भोपा। क्षेत्र के तिस्सा गांव में अनाज को छत पर सुखाने के लिए सीढ़ियों से जा रहीं सास-बहू दीवार गिरने से मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक वृद्धा की मौत हो चुकी थी और बहू गंभीर घायल हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी ली और बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना क्षेत्र के गांव तिस्सा में सोमवार को दयावती सैनी (65) अपनी पुत्रवधू रविता के साथ मकान की छत पर गेहूं सुखाने के लिए जा रही थी। जैसे ही दोनों कुछ सीढ़ियां चढ़ीं, इसी दौरान दीवार भरभराकर गिर गई। जिसके मलबे में दोनों दब गई। परिजनों की चीख -पुकार सुनकर पड़ोस के कपिल, अंकित कुमार, सहदेव, राकेश, रामकुमार मौके की ओर दौड़े। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दयावती की मौत हो चुकी थी और रविता गंभीर घायल हो गई। घायल रविता को इलाज के लिए जिला अस्पताल में ले जाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र रावत ने परिजनों व ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
मकान के बराबर में भरा था पानी
मजदूर के मकान के बराबर में खेत है। रविवार को बारिश के बाद खेत में पानी भरा हुआ था। दयावती के नवनिर्मित मकान की नींव में पानी चला गया, जिससे दीवार गिर गई और सास-बहू हादसे का शिकार हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद कराने की मांग की है।