पुलिस की पाठशाला
- जिंदगी में कोई मुसीबत आ भी जाए तो घबराना नहीं चाहिए
- एसडी इंटर कॉलेज रोडवेज स्टैंड पर कराई गई पुलिस की पाठशाला
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से एसडी इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एसपी सिटी आईपीएस सत्यनारायण प्रजापत ने साइबर अपराध से बचाव के तौर-तरीके बताए। उन्होंने कहा कि अंजान लोगों से दोस्ती, अधूरी जानकारी पर लाइक, शेयर और फॉलो नहीं करना चाहिए। विषम परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबर बताए गए।
मंगलवार को प्रधानाचार्य सोहनपाल सिंह ने एसपी सिटी का अभिनंदन किया। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी। कहा कि मोबाइल, इंटरनेट से फ्रॉड कर अपराध किया जा रहा है। अनजान लिंक और वेबसाइट पर क्लिक न करें। अपना वॉलेट या अकाउंट पासवर्ड किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहिए। समय-समय पर पासवर्ड को बदलते रहें। सोशल मीडिया पर अपनी प्राइवेसी रखते हुए उसका सुरक्षित प्रयोग करे। यदि साइबर अपराध हुआ है तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। इस मौके पर संजय सिंह, मनीष गर्ग, मनोज कुमार, अरविंद कुमार, राहुल कुशवाहा मौजूद रहे।
मुश्किल है तो यहां करें संपर्क
- हेल्पलाइन नंबर- 112
- वूमेन पावर लाइन 1090
- महिला हेल्प लाइन 181
- मुख्यमंत्री हेल्प लाइन- 1076
- चाइल्ड हेल्प लाइन-1098
- स्वास्थ्य सेवा-102
- एंबुलेंस सेवा-108
- साइबर अपराध-1930
यूपी कॉप एप पर भी मिलेगी मदद
एसपी सिटी ने छात्राओं को सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। यूपी कॉप एप और अन्य एप्लीकेशन के बारे में जागरूक किया। थानों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सहायता के लिए महिला हेल्प डेस्क बनाई गई है। महिला पुलिसकर्मी द्वारा शिकायत सुनीं जाती है और समय से उनका निस्तारण कराया जाता है। एंटी रोमियो स्क्वॉड के बारे में अवगत कराया गया।
अभिभावकों और पुलिस को समझे मित्र
छात्राओं को बताया कि उन्हें रास्ते में कोई व्यक्ति परेशान करता है तो नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दें। अभिभावकों से कोई बात नहीं छुपाएं। आसपड़ोस में या स्वयं के साथ होने वाले अपराध या अपराध की संभावना होने पर संकोच किए बिना निडर होकर अपनी बात पुलिस तक पहुंचाने का काम करें, ताकि पुलिस समय रहते अग्रिम कार्रवाई कर सकें।
छात्राओं ने पूछे सवाल, सुनाए गीत-कविता
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सवाल पूछे और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। सूर्या मलिक, लाइबा परवीन, रूखसार, विक्की सिंह, पिंकू, आरिश शामिल हुए।