- पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी में दोनों एक साथ जाते हुए दिखाई दिए हैं
- शाम तक दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने शुरू की थी तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। अलमासपुर निवासी छात्र और छात्रा ने जहर का सेवन कर लिया था। पुलिस शनिवार शाम से जांच पड़ताल में जुटी थी। छात्र की मेरठ में मौत हो गई। पुलिस ने इसके बाद शहर के दर्जनों सीसीटीवी खंगाल डाले। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी में दोनों एक साथ जाते हुए दिखाई दिए हैं। दोनों ने ही जहर का सेवन किया था।
मंडी पुलिस की माने तो छात्र व छात्रा शनिवार को स्कूल न जाकर दोनों शहर में घूमने निकल गए थे। शाम तक दोनों घर नहीं पहुंचे थे। दोनों के परिजनों को अपने बच्चों की मित्रता के बारे में जानकारी दी। इसी के चलते छात्र को तलाशना शुरू किया गया था। मंडी पुलिस ने बताया कि देर शाम इस बारे में सूचना मिली थी तब से सीसीटीवी खंगाले जा रहे थे। जांच पड़ताल में आया है कि छात्र-छात्रा दोनों ने जहर खाया था। छात्र ने अधिक मात्रा में जहर खाया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
पुलिस का कहना है कि परिजनों ने छात्र के दोस्तों से भी संपर्क किया था। दोनों की तलाश शुरू होने के बाद डर केे चलते संभवत: दोनों ने यह कदम उठाया था। छात्र की मौत हो गई। छात्रा खतरे से बाहर है और अपने घर पर बताई गई है। पुलिस ने जहरीला पदार्थ खरीदने वाले स्थान का भी पता लगा लिया है। छात्र के परिजनों ने छात्रा के माता-पिता के खिलाफ तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
जाम से परेशान हुए राहगीर, वाहनों की लगी लाइन
मुजफ्फरनगर। छात्र दिपांशु की मौत के बाद परिजनों ने शव को अलमासपुर चौक पर रख कर जाम लगा दिया। यहां लगभग एक घंटा जाम लगाया गया। जिससे जानसठ-मुजफ्फरनगर मार्ग पर वाहनों की दूर तक लाइन लग गई। राहगीरों व दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हुई । बाद में अधिकारियों के समझाने व कार्रवाई का आश्वासन देने पर जाम को खोला गया।