मुजफ्फरनगर। छपार थाना परिसर में स्थित सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाली महिला सिपाही का छपार थाने में तैनात सिपाही उत्पीड़न कर रहा था। शादीशुदा होने के बाद शादी का झूठा झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। उसकी पत्नी व मां ने गाली-गलौज कर बेइज्जती की। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जनपद संभल के कस्बा बहजोई निवासी महिला सिपाही आदर्श यादव यहां सीओ नई मंडी कोतवाली के कार्यालय में तैनात थी। इससे पहले वह छपार थाने में तैनात रही थी। उसे छपार थाने में सरकारी आवास मिला था। सीओ कार्यालय में ड्यूटी के बाद वह अपने आवास पर पहुंचती थी। उसने नौ अक्तूबर को अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अब इस मामले में सिपाही के भाई आदेश यादव ने छपार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि छपार थाने में तैनात सिपाही मुकेश व उसकी पत्नी तथा मां द्वारा आदर्श को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। मुकेश ने आदर्श के साथ धोखा किया। उसने उसे शादी का झूठा झांसा दिया। आरोपी के शादीशुदा होने की बात पता चलते ही महिला सिपाही ने दूरियां बनाने का प्रयास किया। तब उसने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही पत्नी से तलाक कर उससे शादी करेगा।
मुकेश की मां व पत्नी ने आदर्श के साथ गाली गलौच कर उसकी बेइज्जती की। इसके बाद से यह सभी आदर्श को परेशान कर रहे थे। आदर्श तनाव में थी। मुकदमे में लिखाया कि आदर्श ने यह सभी बातें अपनी सहेली निशा व अपनी छोटी बहन रोजी उर्फ काजल को बताई थी।
आरोप है कि आदर्श को यह कदम उठाने के लिए तीनों आरोपियों ने ही मजबूर किया है। आदर्श की मौत के पीछे तीनों का ही हाथ हैं। बताया गया कि शव का अंतिम संस्कार करने के बाद मृतका के भाई ने अधिकारियों को इस बारे में शिकायत की थी। थाना प्रभारी आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले में जांच शुरू कर दी है।