मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण यानी एमडीए जनपद के विभिन्न एंट्री पॉइंट पर प्रवेश द्वार का निर्माण कराएगा। इस तरह चार प्रवेश द्वार राष्ट्रीय राजमार्ग सहित दो प्रवेश द्वार स्टेट हाईवे पर बनेंगे। प्राधिकरण की ओर से कुल सात प्रवेश द्वार निर्माण का खाका खींचा गया है। जिसके लिए 39 लाख से अधिक का बजट प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जनपद में सुनियोजित विकास का खाका खींचा जा रहा है। विकास के साथ सुंदरीकरण को लेकर भी कई परियोजनाएं एमडीए की ओर से शुरू की जा रही हैं। इनमें अलग-अलग सड़कों पर सात प्रवेश द्वार का निर्माण प्रस्तावित है। एमडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से मेरठ, उत्तराखंड, बिजनौर और शामली सीमा सहित सहारनपुर को जोड़ने वाली सीमा पर भी प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रवेश द्वार निर्माण के साथ ही आसपास क्षेत्र में भी सुंदरीकरण कराया जाएगा। बताया कि एमडीए की ओर से प्रवेश द्वार निर्माण के लिए ड्रॉइंग डिजाइन तैयार कराई जा रही है। संवाद