बुढ़ाना। किसानों के गन्ने के बकाया भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर आयोजित रालोद पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की मीटिंग में गन्ने के बकाया भुगतान का मुद्दा छाया रहा। मीटिंग में सर्वसम्मति से 27 अगस्त को गन्ना समिति कार्यालय परिसर में पंचायत के आयोजन की घोषण की गई।
किसानों के गन्ने के बकाया भुगतान की समस्या को लेकर बृहस्पतिवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पर रालोद कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की मीटिंग का आयोजन हुआ। मीटिंग में रालोद विधायक व विधान मंडल दल के नेता राजपाल बालियान ने कहा कि गन्ने के बकाया भुगतान की समस्या को लेकर क्षेत्र का किसान परेशान हैं। बैंक व विद्युत निगम द्वारा बकाया को लेकर किसानों के पास नोटिस भेजे जा रहे हैं। किसान हित की बात करने वाली सरकार में किसानों का शोषण हो रहा है।
पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कहा कि क्षेत्र का किसान व मजदूर गन्ने के भुगतान पर निर्भर है। कस्बे के दुकानदार भी गन्ने के भुगतान को लेकर परेशान है। किसानों को बाजार में सामान भी उधार नही मिलता है। मीटिंग में सर्वसम्मति से 27 अगस्त को गन्ना समिति कार्यालय परिसर में पंचायत करने की घोषणा की गई। मीटिंग में विकास खंड के लंबित कार्य तथा विपक्ष के जिला पंचायत सदस्यों को कार्य न देने पर भी चर्चा हुई। रालोद के जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक, चौ. मुकेश मलिक, चौ. थामसिंह, कुलदीप मलिक, यशपाल सिंह, अमित मलिक, वीरसैन, दीपक व सुशील मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभात तोमर ने तथा संचालन सहकारी समिति बुढ़ाना के चेयरमैन सुरेंद्र सहरावत ने किया।