भोपा सीएचसी पर गंभीर हालत में झुलसी महिला का उपचार करते हुए
- गंगनहर पर निरगाजनी झाल के सुनसान इलाके में हादसा हुआ
- पीड़ित लोग काफी देर तक मदद का इंतजार करते रहे
फोटो समेत
संवाद न्यूज एजेंसी
भोपा (मुजफ्फरनगर)। गंगनहर पर निरगाजनी झाल के सुनसान इलाके में हादसा हुआ। पीड़ित काफी देर तक मदद का इंतजार करते रहे। मासूम अर्थ चीखता रहा। मृतक की पत्नी बेबस हो गई। कुछ देर बार राहगीर पहुंचे तो उम्मीद बंधी। पुलिस की मदद पहुंचने तक बहुत देर हो चुकी थी।
थाना रतनपुरी क्षेत्र के गांव बड़सू निवासी नीशू ( 35) अपनी पत्नी प्रीति (33), पांच साल के बेटे अर्थ और गांव के ही कार चालक रमन के साथ हंसी-खुशी वापस लौट रहे थे। प्रीति अपनी बहन से मिलने मंगलौर के गांव गदर जुड़ा गई थी। गंगनहर पर विपरीत दिशा से आ रहे वाहन से बचने के चक्कर में चालक रमन ने ब्रेक लगा दिया, जिसके बाद कार के अगले हिस्से में आग लग गई।
सीएचसी में चालक ने बताया कि आग कार के अगले हिस्से में लगी। वह किसी तरह कार से उतरा। उसने देखा कि किसी तरह पिछली खिड़की खोलकर मां-बेटा भी कार से निकले। इस दौरान तीनों को गंभीर चोट लगी थी। वह आग में झुलस गए थे। लेकिन नीशू कार में फंस गया। आग इतनी भयानक थी कि वह कार के पास भी नहीं जा सके। काफी देर तक गंगनहर पटरी से कोई नहीं गुजरा। कुछ देर बाद राहगीर आने शुरू हुए तो मदद के लिए हाथ बढ़ाए। पुलिस को सूचना दी गई।
नीशू के पिता की हो चुकी हत्या
रतनपुरी। बड़सू निवासी अनुसूचित जाति के नीशू और अंकित दोनों भाई रंगाई पुताई का कार्य करते हैं। परिवार के हिस्से में कुछ जमीन भी है। जमीन के विवाद में इनके पिता चंद्रपाल की हत्या कर दी गई थी। परिवार चलाने के लिए नीशू एक फैक्टरी में भी काम करता था। परिवार में तीन बहने हैं और तीनों शादीशुदा है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़सू गांव में गम का माहौल बन गया। ग्रामीण और परिवार के सदस्य भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रवाना हो गए।