पुलिस के शव कब्जे में लेने की कोशिश का परिजनों ने किया विरोध, अस्पताल में हंगामा
खेत में गन्ना छील रहे किसान को उठाकर अपने गांव ले गए थे आरोपी पिता-पुत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। उधार दी गई रकम नहीं चुकाने पर बाप-बेटे ने किसान महक चंद (50) को खेत से उठा लिया और अपने घर में बंधक बनाकर पीटा। पिटाई से बिगड़ी हालत में किसान को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उसने दम तोड़ दिया। गुस्साएं परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। बाद में शव सिखेड़ा में गंगनहर पुल पर रखकर जाम लगा दिया।
ये लोग आरोपियों की गिरफ्तारी, परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे थे। बाद में एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापति के आश्वासन पर इन्होंने जाम खोल दिया। महकचंद कोतवाली जानसठ के गांव काटका के रहने वाले थे। उन्होंने थाना सिखेड़ा के गांव नंगला मुबारिक निवासी सुधीर से 30 हजार रुपये उधार लिए थे। शनिवार की शाम महक चंद अपने खेत में गन्ना छील रहे थे, तभी सुधीर व उसका पुत्र उन्हें पकड़कर अपने घर ले गए। वहां पर पिता-पुत्र ने तकादा किया और महकचंद को पीटा। हालत बिगड़ने पर उनके भतीजे मंगू को फोन कर ले जाने के लिए कहा। मंगू बाइक से नगला मुबारिक पहुंचकर देखा महकचंद चलने की हालत में नहीं हैं। उसने 112 पर फोन किया तो पुलिस मौके पर पहुंची, इसके बाद ये बाइक से उन्हें जानसठ अस्पताल में पहुंचे, कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। सूचना पर जानसठ और थाना सिखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने शव कब्जे में नहीं लेने दिया।