गांव इलाहाबास का मामला, पड़ोसी युवक के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीम गठित की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना/ भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव इलाहाबास में बुधवार रात घर में सो रहे किसान राजबीर उर्फ राज्जा (55) की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप पड़ोसी युवक पर लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी देहात ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव इलाहाबास निवासी राजबीर पाल उर्फ राज्जा बृहस्पतिवार की शाम भैंसा बुग्गी से मोरना चीनी मिल में गन्ना डालने गए थे। लौटने के बाद बरामदे में चारपाई पर सो गए। शुक्रवार की सुबह परिजनों को राजबीर खून से लतपथ हालत में मिले। राजबीर को तुरंत जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी राम आशीष यादव, थाना प्रभारी सशील कुमार सैनी ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीओ ने बताया कि मृतक की पत्नी सुदेश देवी ने पड़ोसी 19 वर्षीय अंकित उर्फ चंकित के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीम गठित की गई है।
राजबीर की हत्या क्यों की, नहीं मिल रही वजह
परिजन भी हैरान, नहीं थी किसी से राजबीर की रंजिश
मोरना/ भोपा (मुजफ्फरनगर)। राजबीर अपनी 20 बीघा भूमि में खेतीबाड़ी करता था। परिजनों के अनुसार उनका किसी से कोई विवाद या रंजिश भी नहीं है। अंकित उर्फ चंकित ने हत्या क्यों की, इस सवाल पर सभी हैरान है। पुलिस भी आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी है।
राजबीर की हत्या की रिपोर्ट उसकी पत्नी सुदेश देवी ने दर्ज कराई है। इसमें बताया कि पड़ोस में रहने वाले युवक अंकित उर्फ चंकित ने उसके पति पर फावड़े से वार कर उसकी हत्या की है। आरोपी हत्या में प्रयुक्त फावड़े को पानी के ड्रम में फेंक कर फरार हो गया। आरोपी नशे का आदी है।
थाना प्रभारी सशील कुमार सैनी के अनुसार, मृतक राजबीर के परिवार में पत्नी सुदेश देवी, पुत्र अर्जुन व रोहित है। शादीशुदा बेटी रूबी भी फिलहाल मायके में आई हुई हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की दो टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।