- सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर और सीएमओ मौके पर पहुंचे
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नौ बीघा जमीन के पट्टे और प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास की मांग के लिए हड़ौली गांव का परिवार स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय की 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ गया। पांच घंटे तक पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के सामने अपनी मांग रखी। सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, एसडीएम सदर परमानंद झा और सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने परिवार से बात की। समस्याओं के समाधान का भरोसा देकर टंकी से उतारा। मेडिकल के बाद परिवार को घर भेज दिया गया।
भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव हड़ौली निवासी कल्लू कश्यप अपनी पत्नी पूनम और चार बच्चों के साथ सोमवार सुबह टंकी पर चढ़ गया। अपनी समस्या से संबंधित बैनर टंकी परिसर में लगा दिया। सूचना मिलते ही नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, एसडीएम सदर परमानंद झा, सीओ सिटी राम आशीष यादव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कल्लू से ऊपर पहुंचकर मिलने की कोशिश की तो उसने छलांग लगाने की चेतावनी दी। इसके बाद अधिकारियों ने मोबाइल पर बात करते हुए भरोसा दिलाया कि समस्या का निस्तारण कराया जाएगा। सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार भी पहुंचे। मौके पर एंबुलेंस भी बुलाई गई। करीब पांच घंटे के बाद काफी प्रयास करने पर परिवार नीचे उतरकर आया तो पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। परिवार का मेडिकल कराकर घर भेज दिया गया।
पत्नी के नाम पट्टा और पीएम आवास की मांग
टंकी पर चढ़े कल्लू कश्यप ने कहा कि उन्हें करीब 30 साल पहले हरियाली के लिए नौ बीघा पट्टे की जमीन मिली थी। उन्होंने जमीन पर यूकेलिप्टस के पेड़ लगाए। इसके बाद गेहूं की बुवाई कर मजदूरी करने के लिए पानीपत चले गए। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा कर लिया। काफी शिकायत के बाद भी कुछ नहीं हुआ। उसे दो बार हार्ट अटैक भी आया। पिछले साल वह सीएम से मिलने गोरखपुर गया था, यहां उसे फिर से जमीन की रसीद मिल गई थी। आरोप है कि अब जमीन पट्टे का समय केवल पांच साल रह गया है। इसलिए उसकी मांग है कि अब उसकी पत्नी के नाम नए सिरे से 30 साल के लिए पट्टा किया जाए।
गांव के ही पंचायती स्कूल में रहता है परिवार
जिला चिकित्सालय की टंकी पर चढ़ने वाला परिवार गांव हड़ौली के ही पंचायती स्कूल में रहकर अपना जीवन यापन करता है। कल्लू कश्यप का कहना है कि उसे दो बार अटैक आ चुका है, इसलिए अब उसे अपने जीवन पर कोई भरोसा नहीं है। इसलिए पत्नी के नाम पट्टा किए जाने की मांग करता है। उसने कहा कि रहने के लिए घर भी नहीं है, इसलिए उसे सरकारी योजना के तहत घर भी दिलाया जाए।
गोरखपुर में पेड़ पर चढ़ गया था कल्लू
परिवार के साथ टंकी पर चढ़ने वाला कल्लू पहले गोरखपुर में एक पेड़ पर चढ़ गया था। काफी मशक्कत के बाद उसे अधिकारियों ने उतारकर पट्टे की रसीद दिलाई थी। अब फिर से उसने जिला चिकित्सालय की टंकी पर चढ़कर अपनी मांगों को अधिकारियों के सामने रखा। टंकी पर चढ़कर परिवार ने बड़ा सा बैनर भी लगाया था। जिसपर एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के फोटो भी लगे थे। बीच में भगवान शिव का फोटो और परिवार का फोटो लगाया गया था। इसके अलावा पूरे बैनर पर समस्याओं के बारे में लिखा था। कल्लू ने नीचे आकर कहा कि वह सीएम योगी का प्रशंसक है। उसने दिखाया कि उसकी छाती पर सबसे ऊपर मां, बीच में शिवाय और नीचे योगी लिखा हुआ था। टंकी से उतरने के बाद कल्लू ने बताया कि एसडीएम सदर परमानंद झा ने उसे पट्टा और घर दिलाने का भरोसा दिया है। बुढ़ाना तहसील पर एसडीएम से मुलाकात के लिए भी बुलाया गया है। कल्लू ने बताया कि वह मंगलवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम से मुलाकात करेगा।