धारावाहिक अहिल्या पर जाट महासभा ने जताई आपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जनपद जाट महासभा ने छोटे पर्दे पर प्रसारित धारावाहिक अहिल्या में महाराजा सूरजमल के चित्रण को गलत दर्शाने पर रोष जताया है। आरोप है कि धारावाहिक के डायरेक्टर निंदा एनवी जेक्शन सेठी ने समाज के अनुकरणीय महाराजा सूरजमल के चित्रण को खलनायक के रुप में प्रदर्शित किया गया।
जाट महासभा के अध्यक्ष जगदीश बालियान ने कहा कि धारावाहिक अहिल्या में दर्शाया गया कि महाराजा सूरजमल को युद्ध में पराजय मिली है। जबकि इतिहास में अंकित है कि महाराजा सूरजमल न तो अंग्रेजों से हारे और ना ही कभी मुगलों से हारे। पानीपत की लड़ाई के बाद जब मराठा पराजित होकर वापस जा रहे थे, तब भी महाराजा सूरजमल ने उनके परिवारों की रक्षा की थी। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर कोई भी उनके खिलाफ झूठी व मनगढ़ंत बातें प्रचारित करेगा तो संपूर्ण जाट समाज उसका पूर्णतया विरोध करेगा।
उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस नाटक को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। साथ ही इसके डायरेक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएं। इस संबंध में उन्होंने डीएम कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। इस मौके पर जाट महासभा के महासचिव ओमकार अहलावत, रामपाल वर्मा, देवी सिंह, सतेंद्र बालियान, कुलदीप प्रधान, जयवीर सिंह, रविंद्र पंवार, ब्रजवीर सिंह, सुंदरपाल, देवेंद्र अहलावत, जीत सिंह तोमर, मनोज राठी, धर्मवीर मलिक आदि मौजूद रहे। संवाद