श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सजा गणपति धाम
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर राधा-कृष्ण, भोले पार्वती और सुदामा की झांकियों ने खूब बटोरी तालियां
- शहर के मुख्य मंदिरों में लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता, लोगों ने राधा-कृष्ण के साथ जमकर ली सेल्फी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शहर के मंदिरों की सजावट और शानदार झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। राधा-कृष्ण, भोला-पार्वती और सुदामा का नृत्य ने भी खूब तालियां बटोरी। मंदिरों में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ नजर आई। राधा-कृष्ण के साथ युवाओं ने खूब सेल्फी ली।
आत्मबोध योग आश्रम (काली नदी मंदिर), लक्ष्मी नारायण मंदिर, वैष्णो देवी मंदिर, श्री गोलोक धाम मंदिर, बालाजी धाम, गणपति धाम, हनुमान मंदिर, शनिदेव मंदिर, मनकामनेश्वर महादेव मंदिर, शिवचौक को रंग-बिरंगी रोशनी और फूल मालाओं से सजाया गया है। कई जगह विशाल झांकियां बनाई गई, जिन्हें देखने के लिए देेर रात तक मंदिरों पर लोगों का तांता लगा रहा। मंदिरों पर मेले की तरह माहौल रहा। धार्मिक कार्यक्रम और झांकियों को देख लोग खुद को भी ठुमके लगाने से नहीं रोक पाए। उधर, कुछ लोग अपने बच्चों को राधा-कृष्ण बनाकर बाजार में घूमते नजर आए। कई मंदिरों पर मटकी फोड़ कार्यक्रम, श्रीकृष्ण लीला का मंचन और भोले-पार्वती का डांस लोगों को खूब पसंद आया।