गोली डालकर हुआ प्रधान पद का निर्णय
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। ब्लॉक क्षेत्र के गांव तेजलहेड़ा में दो प्रत्याशियों के बराबर मत निकलने पर गोली डालकर चुनाव कराया गया, जिसमें निकले परिणाम के बाद प्रत्याशी राजपाली को विजयी घोषित कर दिया गया। तेजलहेड़ा से महिला गुड्डी व राजपाली ग्राम प्रधान पद का चुनाव लड़ी थीं। सोमवार को मतगणना में गुड्डी एक मत से चुनाव जीत गईं, जिसमें राजपाली पक्ष द्वारा आपत्ति जाहिर कर प्रार्थना पत्र देकर एक बक्से के मतों की दोबारा गिनती करने की मांग की। इसी बीच वहां मौजूद कर्मचारी द्वारा बताया गया कि दोनों प्रत्याशियों के मत बराबर हैं। इस पर आरओ आरके श्रीवास्तव ने उनके समर्थकों से वार्ता की। उसके उपरांत आरओ द्वारा पुलिस की मौजूदगी में दोनों प्रत्याशियों के परिजनों की सहमति पर गोली डाली गई, जिसमें राजपाली चुनाव जीत गईं।