मुजफ्फरनगर। लखीमपुर खीरी में दो सगी बहनों की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने के मामले में राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम मांगपत्र जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने पीड़ित परिवार के हित और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय लोकदल (एससी-एसटी प्रकोष्ठ) के जिलाध्यक्ष रमेश चंद काकड़ा के नेतृत्व में रालोद पदाधिकारियों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर लखीमपुर खीरी कांड पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सूबे में कानून व्यवस्था बनाने में विफल साबित हो रही है। आए दिन लूट, हत्या, बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही है। ऐसे में अनुसूचित और आदिवासी समाज खुद को कमजोर और असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने लखीमपुर खीरी कांड के पीड़ित परिवार को शहर क्षेत्र में आवास की व्यवस्था, एक करोड़ की सहायता राशि अविलंब मुहैया कराने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग उठाई। इसी के साथ परिवार की सुरक्षा इंतजाम के आदेश भारत के प्रत्येक राज्य की सरकार को दिए जाने की मांग की। इस दौरान पुरकाजी विधानसभा से विधायक अनिल कुमार, रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर, पूरण सिंह प्रधान, राजू वाल्मीकि, युधिष्ठिर पहलवान, सुक्का, ओमकार बालियान, देवीदास मौजूद रहे।