खतौली। रक्षाबंधन पर्व के बाद नगर में गोगा जाहरवीर म्हाड़ी पर मेला श्रावणी छडियान का आयोजन किया जाता है, जिसका नगर पालिका की ओर से ठेका छोड़ा जाता है। शनिवार को शाम के समय ठेकेदार राकेश कुमार ने मेले में लगे झूलों की लाइटें बंद करा कर झूलों को रोक दिया। इसके बाद पूरे मेले की लाइटें बंद करा कर मेला बंद कर दिया गया। ठेकेदार ने बताया कि कुछ लोग उसे तथा झूले चलाने वालों को परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि झूले के संबंध में अनर्गल तरीके से सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार कर उनको परेशान किया जा रहा है, जिससे वह मानसिक तनाव में है। इस संबंध में ठेकेदार ने एसडीएम को भी शिकायत कर सुरक्षा की मांग की है। सभासद असद खान, अमित चौधरी, सभासद पति अब्दुल सत्तार आदि का कहना है कि मेले में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। एसडीएम राजकुमार भारती ने बताया कि मेले में लगे झूलों की दो बार टेक्नीशियन से टेक्निकल मुआयना कराया गया है। टेक्नीशियन ने झूलों को ठीक बताया था।