संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बदलते मौसम और ठंड की दस्तक के साथ ही जिले में त्वचा के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। खुजली और अन्य त्वचा संबंधी बीमारियां पैर पसार रही है। जिला चिकित्सालय में रोजाना त्वचा की ओपीडी में 250 से अधिक मरीज परामर्श ले रहे हैं।
मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। इसका असर त्वचा पर भी पड़ रहा है। सर्दी की दस्तक के साथ-साथ हवा भी प्रदूषित होने लगती है। अब जिला चिकित्सालय की त्वचा संबंधी रोग की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। आम दिनों में सौ के करीब मरीज उपचार के लिए जाते है, लेकिन इन दिनों 250 से 300 तक त्वचा रोगी जिला चिकित्सालय में पहुंचकर परामर्श ले रहे हैं। बुधवार को भी जिला चिकित्सालय में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली।
अस्पताल में नहीं त्वचा रोग विशेषज्ञ
जिला अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ नहीं हैं। लंबे समय से मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर से पीजी करने वाले चिकित्सक ही परामर्श दे रहे हैं। विशेषज्ञ चिकित्सक के लिए कई बार शासन को पत्र भेजा जा चुका है। जिले के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मरीजों की भीड़ लग रही है। रोजाना उपचार के लिए मरीज पहुंच रहे हैं। डॉ. रोगियों को स्वच्छता के लिए जागरूक कर रहे हैं।