- करंट लगाकर हत्या कर ट्रैक्टर पर शव ले जाकर जंगल में फेंका गया था
- पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर किया हत्याकांड का खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। थाना शाहपुर पुलिस ने लछेड़ा निवासी पशु व्यापारी भागचंद उर्फ पिंटू हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसके भाई सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या के लिए आरोपी भाई ने तीन लाख रुपये अपने साथी को देना तय किया था। तब पशु व्यापारी की करंट लगाकर हत्या कर ट्रैक्टर पर शव ले जाकर जंगल में फेंका गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर, रस्सा, बिजली का केबल और ड्रम बरामद किया है।
पुलिस लाइन में एसपी देहात संजय कुमार ने जानकारी दी कि 21 दिसंबर की सुबह सिमली के जंगल में मंसूरपुर क्षेत्र के गांव लछेड़ा निवासी पशु व्यापारी भागचंद उर्फ पिंटू का शव बोरे में मिला था। उसके भाई लालवीर ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के बाद पुलिस ने लालवीर व उसके साथी नई मंडी कोतवाली के गांव कूकड़ा निवासी सनसपाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सनसपाल ने बताया कि पिंटू ने उससे 75 हजार रुपये उधार लिए थे। अन्य लोगों को भी उधार रुपये दिलवाए थे। यह रुपये वापस नहीं किए। उसने लालवीर से बात की तो उसने बताया कि पिंटू से वह भी परेशान है।
वह पिंटू की हत्या कर दे, इसके बदले में लालवीर ने तीन लाख रुपये जमीन बेच कर देना तय किया। सनसपाल कूकड़ा गांव में डेयरी करता है। 20 दिसंबर को पिंटू उसकी डेयरी पर पहुंचा। वहां शराब पी। सनसपाल ने लालवीर के साथ पिंटू की हत्या की योजना बनाई थी। रात में शराब पीने के बाद सनसपाल व पिंटू में झगड़ा हो गया, तब धक्का देने पर पिंटू के सिर में चोट लग गई और वह बेहोश गया। इसके बाद सनसपाल ने बिजली के केबल से पिंटू के चेहरे पर करंट लगा कर उसकी हत्या कर दी। शव को बोरे में बंद करके ड्रम में रख दिया। अगले दिन शाम को ट्रैक्टर पर लाद कर शव को लालवीर के कहने पर सनसपाल ने सीमली के जंगल में लालवीर के विरोधी रोहताश के खेत में फेंक दिया था। एसपी देहात ने बताया कि आरोपियों का चालान कर दिया है।