जौली और ककराला गांव में भी प्लाट को लेकर दो पक्षों में मारपीट
पुलिस ने तीनों मामलों में नौ लोगों का शांति भंग की आशंका में किया चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
भोपा। गांव रहकड़ा में प्लॉट में डाली गई झोपड़ी को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से दो लोगों को चोट आई। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा जौली और ककराला गांव में भी प्लाट को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हुई। पुलिस ने यहां से भी चार लोगों को हिरासत में लिया है।
रहकड़ा गांव में मासूम और निसार के बीच प्लॉट में डाली गई झोपड़ी को लेकर तनातनी चली आ रही थी। इसी को लेकर बृहस्पतिवार को दोनों में गाली गलौज हो गई। अन्य परिजन भी आमने-सामने आ गए। पुलिस ने एक पक्ष से निसार, इसरार, शहजाद और दूसरे पक्ष से मासूम और अजाद को हिरासत में ले लिया था।
जौली गांव में जाकिर व नीटू उर्फ रितेश में प्लाट को लेकर मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया था। गांव ककराला में अनिल और सुशील के बीच भी प्लाट को लेकर कहासुनी हुई। पुलिस ने तीनों मामलों में नौ लोगों को हिरासत में लेकर उनका शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया।