ओवरटेक करते समय आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक
संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-दून हाइवे पर बुढ़ाना अंडरपास के निकट दिल्ली निवासी दो कांवड़ियों की बाइक ओवरटेक करते समय आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल है।
दिल्ली के महिपालपुर निवासी सोनू (25) पुत्र अरविंद अपने साथी संजय पुत्र लच्छीराम के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहा था। बाइक सोनू चला रहा था। रतनपुरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बुढ़ाना अंडरपास के निकट बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों कांवडिये गंभीर घायल हो गए। पुलिस दोनों को खतौली अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मृतक सोनू के परिजनों को दे दी गई।
बेहोश मिले कांवड़िये की मौत, पहचान नहीं हुई
शाहपुर। कस्बे में बेहोशी की हालत में मिले एक कावड़िये की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो सकी। कस्बे की मुजफ्फरनगर रोड स्थित नवीन गुड़ मंडी स्थल के सामने सोमवार की रात एक कांवड़िया बेहोशी की हालत में पड़ा मिला । पुलिस ने उसे स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान कांवड़िये की मौत हो गई । पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संवाद
हादसे में महिला समेत तीन घायल
मोरना। मोरना-भोपा मार्ग पर बाइक और एक्टिवा की टक्कर में एक महिला सहित तीन घायल हो गए। भोपा थाना क्षेत्र महमूदपुर माजरा निवासी कमल अपनी माता शोमी के साथ शुक्रताल से गंगाजल लेकर लौट रहा था। मोरना चीनी मिल के पास भोपा की ओर से आ रही बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कुलदीप गर्ग निवासी मुजफ्फरनगर के अलावा कमल और शोमी भी घायल हो गए। संवाद